भीमताल । ग्राम पंचायत हिम्मतपुर डोटीयाल स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को विकास खण्ड स्तरीय बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। शिविर में विभिन्न समस्याओं से जुड़े कुल 202 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, सड़क और बिजली से संबंधित मामले सबसे अधिक रहे। अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष प्रार्थना पत्रों के त्वरित समाधान हेतु संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। शिविर में विभागीय स्टॉलों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम में विधायक रामनगर दीवान सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय नेगी, कनिष्ठ उप प्रमुख मीना रावत, ग्राम प्रधान हिम्मतपुर डोटीयाल, ग्राम प्रधान चिलकिया, ग्राम प्रधान क्यारी, उप जिलाधिकारी रामनगर प्रमोद कुमार, बीडीओ संजय चौहान, अधिशासी अभियंता विद्युत बेगराज, अधिशासी अभियंता जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से शिविर से जुड़कर क्षेत्रीय विधायक से संवाद किया और क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।