सोमनाथ धाम के लिए 37 श्रद्धालुओं का दल रवाना, सांसद अजय भट्ट ने दिखाई हरी झंडी

भीमताल । उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा 2026’ के तहत सोमवार को नैनीताल जिले के 37 श्रद्धालुओं का दल हल्द्वानी से देहरादून के लिए रवाना हुआ। रोडवेज बस स्टेशन पर नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा दल को रवाना किया।

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सरकार की यह योजना उन लोगों के लिए वरदान है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान आने-जाने, आवास, भोजन, चिकित्सा और स्थानीय परिवहन की संपूर्ण व्यवस्था सरकार की ओर से निःशुल्क की गई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना करने का आह्वान भी किया।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि हल्द्वानी से रवाना हुए श्रद्धालु देहरादून पहुंचेंगे, जहां प्रदेश के सभी 13 जिलों से आए यात्रियों का समागम होगा। इसके बाद हर्रावाला से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालु उत्तराखंड के सभी 13 जिलों के पवित्र जल से भरे कलश भी सोमनाथ धाम ले जाएंगे। यात्रा के दौरान चयनित यात्रियों के लिए एसी रेल यात्रा, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क की गई है। नैनीताल जिले से यात्रा में 14 महिलाएं और 23 पुरुष सहित कुल 37 श्रद्धालु शामिल हैं।

इस मौके पर दर्जा राज्यमंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, उपजिलाधिकारी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार कुलदीप पांडे, खंड विकास अधिकारी असगर तनवीर समेत अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *