तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने लगाई गुहार, आयुक्त ने दिए भुगतान के निर्देश

भीमताल । आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कार्यरत वाइटल रेडियोलॉजी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों को तीन माह से वेतन नहीं मिलने का मामला कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत के संज्ञान में पहुंचा है। शिकायत मिलने के बाद आयुक्त ने नगर आयुक्त हल्द्वानी को कर्मचारियों का लंबित वेतन जल्द दिलाने और मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

कर्मचारियों ने शिकायत पत्र में बताया कि कंपनी ने अप्रैल, मई और जून 2026 का वेतन अब तक जारी नहीं किया है। इसके चलते कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। बच्चों की पढ़ाई, दैनिक खर्च और इलाज जैसी आवश्यक जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो रहा है। कर्मचारियों ने यह भी बताया कि कुसुमखेड़ा स्थित केंद्र को भी बंद कर दिया गया है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वेतन की मांग करने पर कर्मचारियों का मानसिक उत्पीड़न किया जाता है और नौकरी से निकालने सहित अन्य प्रकार की धमकियां दी जाती हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने पहले भी कंपनी प्रबंधन से कई बार वेतन भुगतान की मांग की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।

शिकायत के अनुसार प्रभावित कर्मचारियों में 10 चिकित्सक, 10 फार्मासिस्ट, 10 स्टाफ नर्स, 10 एमपीडब्ल्यू और 10 सफाई कर्मचारी शामिल हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने नगर आयुक्त को लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने तथा कुसुमखेड़ा स्थित बंद केंद्र को दोबारा संचालित कराने के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *