हल्द्वानी में जन सुविधा शिविर, बड़ी संख्या में सुनी गईं शिकायतें

भीमताल: जिलाधिकारी के निर्देश पर हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत बुधवार को वार्ड संख्या 51 व 52 के लिए जन सुविधा शिविरों का सफल आयोजन किया गया। जनमिलन केंद्र, हल्द्वानी में आयोजित शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखीं। विद्युत, जल संस्थान, सिंचाई, पूर्ति, नगर निगम समेत अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण व मौके पर निस्तारण किया गया। कई मामलों को अग्रिम कार्यवाही हेतु संबंधित विभागों को भेजा गया।
शिविर में 46 आधार कार्ड बनाए और संशोधित किए गए। विद्युत विभाग में 2 शिकायतें दर्ज हुईं, जिन पर तत्काल कार्रवाई की गई। पूर्ति विभाग में 11 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राशन कार्ड से संबंधित सुधार और नए कार्ड बनवाने की मांग प्रमुख रही। नगर निगम से जुड़ी स्ट्रीट लाइट की शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। जल संस्थान में जलापूर्ति संबंधी 1 शिकायत दर्ज हुई, जिस पर विभाग ने शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। शिविर में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के तहत विवाह पंजीकरण के आवेदन भी प्राप्त हुए। वार्ड 51 के पार्षद मुकेश बिष्ट और वार्ड 52 की पार्षद रेखा बिनवाल सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। नागरिकों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए प्रशासन का आभार जताया।
इसी क्रम में, 21 अगस्त को वार्ड संख्या 50 के पार्षद कार्यालय और वार्ड संख्या 49 के तारा टेंट हाउस, कुसुमखेड़ा में शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखें, ताकि उनका समय पर समाधान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *