मोटरमार्ग और पुल न होने से ग्रामीणों में आक्रोश
भीमताल : ब्लॉक के मलुवाताल ग्राम सभा के कसैला तोक में रहने वाली बीमार महिला गंगा देवी पत्नी चिंतामणि को मंगलवार को ग्रामीणों ने डोली के सहारे गौला नदी के तेज बहाव को पार कर कई किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य मोटरमार्ग तक पहुँचाया। कांग्रेस नेता मनोज शर्मा और पूर्व ग्राम प्रधान अमदौ दयाकिशन बेलवाल ने बताया कि इस क्षेत्र में अचानक बीमार होने पर अक्सर ग्रामीणों को इस तरह नदी पार कर मोटरमार्ग तक जाना पड़ता है। यह पीड़ा क्षेत्र के लोगों के लिए नियमित रूप से झेली जाने वाली समस्या बन चुकी है। कई बार तत्काल इलाज न मिलने के कारण प्रसव पीड़ित महिलाएं और अन्य रोगियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है, कभी-कभी समय पर इलाज न मिलना मौत का कारण भी बन जाता है। मनोज शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में मोटरमार्ग और पुल न होने के कारण ग्रामीण कई परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने लगातार सरकार से मांग की है कि पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा प्रस्तावित भटेलिया-अमदौ-दुदुली मोटरमार्ग का निर्माण पूरा किया जाए और अमदौ से त्यौना तक गौला नदी पर पुल बनवाया जाए।
मनोज शर्मा ने आरोप लगाया कि दस साल से सत्ता में रही प्रदेश सरकार और जनप्रतिनिधि केवल चुनावी जुमलों तक सीमित हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में वृहद जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी रूपरेखा पहले से तय कर ली गई है।