आश्रम सेवा समिति में बुजुर्गों के आधार अपडेट, अस्पताल पहुंचकर बेडरिडन महिला को मिली राहत

प्रशासन ने बुजुर्गों व दिव्यांगों के लिए चलाया विशेष शिविर, दस्तावेज न होने से कुछ मामलों में प्रक्रिया लंबित

भीमताल, 15 मई। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर आश्रम सेवा समिति, हल्द्वानी में शुक्रवार को बुजुर्ग नागरिकों की सुविधा के लिए आधार कार्ड अपडेट एवं नवीन पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वृद्धजनों के आधार कार्ड में आवश्यक संशोधन किए गए, वहीं पात्र बुजुर्गों के नए आधार कार्ड भी बनाए गए।
इस दौरान प्रशासन की संवेदनशील पहल उस समय देखने को मिली, जब सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती एक बुजुर्ग महिला को आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट न होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ओटीपी प्राप्त न होने से सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में दिक्कत आ रही थी।
प्रशासन की टीम ने महिला के बेडरिडन होने के बावजूद अस्पताल पहुंचकर उनके आधार कार्ड में मोबाइल नंबर सफलतापूर्वक अपडेट कराया, जिससे उन्हें तत्काल राहत मिली।
शिविर के दौरान चार बुजुर्गों के आधार कार्ड बनाए एवं अपडेट किए गए, जबकि अन्य बुजुर्गों की जांच प्रक्रिया जारी है। कई मामलों में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न होने के कारण आधार संबंधी प्रक्रिया लंबित है। प्रशासन की ओर से ऐसे बुजुर्गों के दस्तावेज जुटाने में भी सहायता की जा रही है।
ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विकास शर्मा ने बताया कि बुजुर्गों, दिव्यांगों एवं बेडरिडन मरीजों को घर और अस्पताल पहुंचकर आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *