भीमताल। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) की तैयारियों को लेकर मंगलवार को नगर निगम सभागार हल्द्वानी में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड प्रकाश चन्द्र दुमका ने जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और उपजिलाधिकारियों के साथ भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से अभियान की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में प्रकाश चन्द्र दुमका ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि एसआईआर कार्यों में लेटलतीफी करने या संतोषजनक कार्य न करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
उन्होंने जनपद नैनीताल में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का प्रतिशत मात्र 48.5 होने पर असंतोष व्यक्त किया और सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं उपजिलाधिकारियों को अभियान को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र वितरण कार्य का नियमित स्थलीय निरीक्षण किया जाए तथा प्रत्येक दिन की प्रगति रिपोर्ट भारत निर्वाचन आयोग को भेजी जाए।
बूथों पर कम प्रगति को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) प्रतिदिन सुबह 7 बजे से फील्ड में जाकर निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यरत हैं। साथ ही बीएलओ की प्रतिदिन लोकेशन आधारित उपस्थिति दर्ज करने के भी निर्देश दिए गए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने कहा कि जिन बूथों पर एसआईआर अभियान की प्रगति कम है, वहां आ रही तकनीकी एवं अन्य समस्याओं का समाधान कर दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों से निर्वाचन आयोग के कार्यों में किसी प्रकार की कोताही न बरतने और अभियान को सुचारु रूप से पूरा करने का आह्वान किया।
बैठक में निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी पारितोष वर्मा, ए.पी. वाजपेयी, मोनिका, नवाजिश खालिक, गोपाल सिंह चौहान, अनुराग आर्य, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे सहित एसआईआर अभियान से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।