भीमताल। अंतिम बड़े मंगल के अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने मंगलवार को नैनीताल स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा राज्य के सर्वांगीण विकास की कामना की।
मंदिर परिसर में आयोजित पूजा-अर्चना के पश्चात राज्यपाल ने कहा कि हनुमानगढ़ी की आध्यात्मिक ऊर्जा और दिव्य वातावरण भारतीय संस्कृति के उन सनातन मूल्यों की स्मृति कराते हैं, जो सेवा, समर्पण, साहस और लोककल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ी जैसे आस्था के केंद्र हमारी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। ऐसे धार्मिक स्थल समाज को सेवा, समर्पण, राष्ट्रभक्ति और मानवीय मूल्यों के प्रति प्रेरित करते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर न केवल देश बल्कि विश्वभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है।