डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी, एडीएम ने किया निरीक्षण

भीमताल , 13 अप्रैल। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी Agri Stack योजना के तहत अंश निर्धारण, फार्मर रजिस्ट्री एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य क्षेत्र में तेजी से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने तहसील कालाढूंगी के राजस्व ग्राम नाथूझाला में चल रहे डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने उपस्थित काश्तकारों के समक्ष कुछ खेतों का स्वयं डिजिटल क्रॉप सर्वे कर प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर तहसीलदार एवं राजस्व उप निरीक्षकों ने जानकारी दी कि डिजिटल क्रॉप सर्वे का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है। हालांकि कुछ खेतों में सजरा एवं लोकेशन ट्रेसिंग में आंशिक कठिनाइयां सामने आ रही हैं, जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है।
अपर जिलाधिकारी ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए राजस्व परिषद उत्तराखंड, देहरादून के डिजिटल क्रॉप सर्वे नोडल अधिकारी को फील्ड में आ रही दिक्कतों से अवगत कराया, ताकि शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी तहसीलदार ईश्वर सिंह, ताराचंद्र घिल्डियाल, अभय कुमार एवं हिमाक्षी (राजस्व उप निरीक्षक) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *