मानसून से पहले जलभराव पर वार, 3 दिन में डीपीआर तैयार करने के निर्देश

भीमताल, 13 अप्रैल। मानसून से पूर्व जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सोमवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मानसून से पहले सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर तत्काल ठोस कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी जाए, ताकि वर्षाकाल में आमजन को परेशानी से राहत मिल सके।
बैठक में बताया गया कि हल्द्वानी नगर में 6 प्रमुख नालों के कारण हर वर्ष जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है। जिलाधिकारी ने इन नालों सहित सभी छोटे-बड़े नालों की जल निकासी के लिए व्यापक योजना बनाने के निर्देश दिए। नगर निगम क्षेत्र के पुराने व नए वार्डों में इस समस्या के स्थायी समाधान पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट, अधिशासी अभियंता सिंचाई तथा यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक को निर्देश दिए कि वे तीन दिन के भीतर हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र, ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े नए वार्डों और रामनगर क्षेत्र के जलभराव प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार कर प्रस्तुत करें।
समीक्षा के दौरान अधीक्षण अभियंता सिंचाई महेश खरे ने बताया कि रकसिया नाला बिरला स्कूल के आगे ओवरफ्लो हो जाता है, जिसके समाधान हेतु कार्य प्रगति पर है और डीपीआर तैयार की जा रही है। चौफुला चौराहे से पनियाली तक नहर कवरिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वहीं कलसिया नाले की सफाई और व्यवस्था मानसून से पहले सुनिश्चित करने तथा काठगोदाम स्थित देवखड़ी नाले पर चल रहे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
रामनगर क्षेत्र के चोरपानी, गौजानी, पदमपुरी, भरतपुरी, लखनपुरी और मालधनचौड़ क्षेत्रों में जलभराव के स्थायी समाधान हेतु भी डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि चोरपानी और गौजानी में स्थानीय स्तर पर समस्या का समाधान कर लिया गया है, जबकि मालधनचौड़ में प्रस्तावित कार्यों से 7 गांवों को राहत मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि गांवों में जल निकासी की समस्या का समाधान समय रहते किया जाए, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार का नुकसान न उठाना पड़े। सभी स्वीकृत कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, अधीक्षण अभियंता सिंचाई महेश खरे, यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *