भीमताल, 06 मई: मानसून सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं प्रशासन) सौरभ असवाल की अध्यक्षता में मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहते हुए समन्वित कार्ययोजना बनाने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने के लिए पूर्व तैयारी और विभागों के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है। उन्होंने सड़क एवं निर्माण एजेंसियों को संवेदनशील और भूस्खलन संभावित मार्गों पर जेसीबी, पोकलैंड जैसी भारी मशीनरी ऑपरेटर सहित तैनात रखने के निर्देश दिए। साथ ही तैनात कार्मिकों के नाम और मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने को कहा गया।
उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बाढ़ संभावित, भूस्खलन प्रभावित और मैदानी इलाकों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा कार्य समय से पूरा कराएं। विद्युत विभाग को मानसून के दौरान आपूर्ति बाधित होने पर तत्काल बहाली के लिए पोल, तार और ट्रांसफार्मर का पर्याप्त स्टॉक रखने तथा वैकल्पिक लाइन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जल संस्थान और पेयजल निगम को पाइपलाइन मरम्मत, टंकियों की सफाई और आवश्यक सामग्री का बफर स्टॉक रखने के साथ ही पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के लिए टैंकरों की व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को सभी सीएचसी, पीएचसी और उपकेंद्रों में जीवनरक्षक दवाएं, एंटी-वेनम और ओआरएस का पर्याप्त भंडारण करने तथा दुर्गम क्षेत्रों में मेडिकल टीम और एंबुलेंस की अग्रिम तैनाती के निर्देश दिए गए।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को दुर्गम क्षेत्रों में तीन माह का अग्रिम खाद्यान्न भंडारण करने के निर्देश दिए गए, ताकि मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में आपूर्ति प्रभावित न हो। इसके अलावा जिला और तहसील स्तर पर 24×7 आपदा कंट्रोल रूम सक्रिय रखने और रिस्पॉन्स टाइम न्यूनतम रखने पर विशेष जोर दिया गया।
वन, लोनिवि और नगर निकायों को झुके और सूखे पेड़ों को चिन्हित कर मानसून से पहले हटाने तथा जर्जर भवनों को चिन्हित कर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी नालों-नालियों की सफाई 15 जून से पहले पूरी करने को कहा गया।
सिंचाई विभाग को नहरों और गूलों की सफाई, भू-कटाव वाले तटबंधों के सुदृढ़ीकरण और संवेदनशील स्थानों पर वायर-क्रेट व जियो-बैग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राहत शिविरों में खाद्य सामग्री, कंबल, मेडिकल किट, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था पहले से तैयार रखने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी विभागों को एक सप्ताह के भीतर मानसून कार्ययोजना प्रस्तुत करने और प्रत्येक 15 दिन में समीक्षा रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। इस दौरान एसपी सिटी जगदीश चन्द्र, नगर आयुक्त हल्द्वानी परितोष वर्मा, उपजिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खालिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सभी उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।