हल्द्वानी, 03 जून। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर मतदाता सूची को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से अद्यतन करने की कवायद शुरू हो गई है। इसके तहत 08 जून से बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कार्य करेंगे।
बुधवार को हल्द्वानी स्थित एनआईसी सभागार में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें विशेष पुनरीक्षण अभियान को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि 08 जून से 07 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरेंगे। सभी तहसीलों में प्रपत्रों का वितरण भी कर दिया गया है।
उन्होंने बताया 07 जुलाई को मतदान केंद्रों का युक्तिकरण किया जाएगा, जबकि 14 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन होगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। जांच और निस्तारण की प्रक्रिया पूरी करने के बाद 15 सितंबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कांग्रेस, भाजपा और बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राजनीतिक दलों से अभियान में सहयोग की अपील करते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने का आह्वान किया।