भीमताल। नगर क्षेत्र में बीते पांच दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से नाराज महिलाओं का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। पानी की समस्या से परेशान महिलाएं सभासदों के साथ विकास भवन कार्यालय पहुंचीं और धरने पर बैठकर सरकार व जल संस्थान विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने विभाग पर पेयजल संकट की अनदेखी का आरोप लगाया।
महिलाओं का कहना था कि क्षेत्र में आए दिन मोटर खराब होने से पेयजल आपूर्ति ठप हो जाती है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप लगाया कि समस्या के समाधान के लिए न तो जल संस्थान गंभीरता दिखा रहा है और न ही सरकार की ओर से प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विभाग क्षेत्र में नई बोरिंग और पंप लगाने में भी असफल साबित हो रहा है। महिलाओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि विभाग के पास बजट की कमी है तो स्थानीय लोग स्वयं चंदा एकत्र कर बोरिंग निर्माण कराने को तैयार हैं। चेतावनी दी कि यदि जल्द पेयजल समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
इधर, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विभागीय अधिकारियों को भीमताल में पेयजल समस्या का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिलाधिकारी से भी मामले का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
धरना-प्रदर्शन में चेयरमैन सीमा टम्टा, पूर्व चेयरमैन देवेंद्र सिंह चनौतिया, सभासद शुभम नैनवाल, शिप्रा जोशी, उमेश पाठक, भावना नौलिया, हिमांशु रौतेला, विनीत जोशी, मोहित पडियार, नंदन बिष्ट, पूजा थापा, भगवती बोरा, कमला पडियार, रेनू बोरा, विजय कुमार, मीनू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।