5 अतिक्रमण स्वयं हटाए, शेष पर होगी सख्त कार्रवाई : एसडीएम राहुल शाह
भीमताल : जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर सरकारी भूमि की निगरानी और अतिक्रमण हटाने की मुहिम तेज हो गई है। इसी क्रम में बुधवार को एसडीएम हल्द्वानी राहुल शाह ने राजस्व विभाग की टीम के साथ ग्राम चौंसला का निरीक्षण कर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण की जांच के साथ ही पहले जारी किए गए अतिक्रमण हटाने के आदेशों का भौतिक सत्यापन भी किया। अधिकारियों ने देखा कि कुछ स्थानों पर अतिक्रमणकर्ताओं ने स्वयं अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है।
एसडीएम राहुल शाह ने बताया कि पूर्व में 9 अतिक्रमणकर्ताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से 5 अतिक्रमण, जिनमें एक मस्जिद से सटे निर्माण को भी शामिल किया गया है,अतिक्रमणकर्ताओं द्वारा स्वयं हटाए जा चुके हैं।उन्होंने मौके पर मौजूद राजस्व टीम को निर्देश दिए कि भूमि का सीमांकन अद्यतन किया जाए और सभी अभिलेखों का सही तरीके से संधारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पटवारी और लेखपाल को निर्देश दिए गए कि शेष बचे अतिक्रमण के विरुद्ध शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार मनीषा बिष्ट, राजस्व निरीक्षक अशरफ अली, लेखपाल अनिता पांडे आदि उपस्थित रहे ।