19 करोड़ की लागत से सड़कों पर लगेंगे क्रैश बैरियर, सड़क दुर्घटनाओं पर लगेगी लगाम

भीमताल : विधानसभा भीमताल के ओखलकांडा और धारी ब्लॉक की सड़कों पर अब यात्रियों को मिलेगा अधिक सुरक्षा का भरोसा। क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से 19 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से विभिन्न मोटर मार्गों पर क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे। इससे दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में मदद मिलेगी।
विधायक कैड़ा ने बताया कि क्षेत्र की कई सड़कें पहाड़ी ढलानों और खतरनाक मोड़ों से होकर गुजरती हैं, जहां क्रैश बैरियर न होने की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती थीं। उन्होंने पीडब्लूडी को इन सड़कों पर सुरक्षा कार्यों के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे।
शासन ने मार्गों पर क्रैश बैरियर लगाने हेतु खनश्यू से पतलोट मोटर मार्ग पर 4 करोड़ 65 लाख रुपये,पदमपूरी से पहाड़पानी-मोतियापाथर मोटर मार्ग पर 8 करोड़ रुपये, मोरनोला से भीड़ापानी-नाई मोटर मार्ग पर 6 करोड़ 76 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
विधायक कैड़ा ने बताया कि सभी परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही सड़कों पर सुरक्षात्मक कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यह कार्य न केवल क्षेत्रीय जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा देगा, क्योंकि सुरक्षित मार्गों से आवाजाही सुगम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *