भीमताल । आगामी मानसून सीजन को देखते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैडा ने जनपद नैनीताल के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपदा और जलभराव जैसी संभावित समस्याओं से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बरसात के दौरान जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और तैयारियों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने लोक निर्माण विभाग, पेयजल, सिंचाई, विद्युत एवं स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात शुरू होने से पहले सभी नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे-बड़े नालों से सिल्ट और मलबा हटाने का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि भारी बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति न बने।
उन्होंने ऐसे स्थानों को चिन्हित कर ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करने के निर्देश दिए जहां अक्सर बारिश के दौरान पानी जमा हो जाता है। साथ ही सभी मुख्य और संपर्क मार्गों को गड्ढामुक्त बनाने तथा संभावित भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में जेसीबी और पोकलैंड मशीनें पहले से तैनात रखने को कहा, ताकि मार्ग बंद होने की स्थिति में तत्काल यातायात बहाल किया जा सके।
मंत्री ने बिजली और पेयजल विभाग को भी अलर्ट रहने के निर्देश देते हुए कहा कि तेज बारिश और आंधी के दौरान पोल गिरने या लाइन क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में त्वरित बहाली के लिए विशेष रिस्पॉन्स टीम तैयार रखी जाए। पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाओं का भंडारण रखने तथा आपदा की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और एक समर्पित कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों तक तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि अधिकारियों की लापरवाही के कारण जलभराव, मार्ग अवरुद्ध होने या अन्य समस्याओं से जनता को परेशानी हुई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।