31 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण 27 जनवरी से, 35 सीटें निर्धारित
भीमताल (सूवि)। नैनीताल जिले के युवाओं एवं युवतियों के लिए स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बैंक ऑफ बड़ौदा–आरसेटी नैनीताल द्वारा 31 दिवसीय एसी एवं रेफ्रिजरेटर रिपेयर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 27 जनवरी 2026 से आरसेटी परिसर (हीरा कुंवर स्कूल के पीछे, कुंवरपुर, गौलापार, हल्द्वानी) में प्रारंभ होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए कुल 35 सीटें निर्धारित की गई हैं। इनमें से 75 प्रतिशत सीटें (25 सीटें) ग्रामीण क्षेत्र के बीपीएल परिवारों के सदस्य, एनआरएलएम के स्वयं सहायता समूहों से जुड़े परिवारों तथा मनरेगा परिवारों के सदस्यों के लिए आरक्षित की गई हैं।
आरसेटी निदेशक ने बताया कि यह आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क है। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को चाय, नाश्ता, भोजन, यूनिफॉर्म एवं प्रशिक्षण सामग्री भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी आधार कार्ड, राशन कार्ड अथवा जॉब कार्ड, चार पासपोर्ट साइज फोटो तथा बैंक पासबुक की छायाप्रति के साथ सुबह 9:30 बजे से सायं 5:30 बजे तक संस्थान में आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने के उपरांत ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जिसके माध्यम से प्रशिक्षार्थी विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी संपर्क नंबर 05946-266095, 8477009546, 8449692209 एवं 9756947425 पर संपर्क कर सकते हैं। यह जानकारी निदेशक आरसेटी नैनीताल द्वारा दी गई।