पिनरौ में लगा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर

408 नागरिकों को मिला सीधा लाभ, 67 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

भीमताल। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड भीमताल की न्याय पंचायत पिनरौ अंतर्गत ओपन थियेटर पिनरौ में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने क्षेत्रीय जनता की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
शिविर में ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज, पेयजल एवं जल जीवन मिशन, लोक निर्माण विभाग, समाज कल्याण, कृषि, वन, राजस्व, लघु सिंचाई, उडेरा, खाद्य आपूर्ति एवं उद्यान विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से स्थानीय लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों की मौजूदगी में कुल 67 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि बहुउद्देशीय शिविर के माध्यम से लगभग 408 नागरिकों को सीधा लाभ पहुंचाया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख भीमताल डॉ. हरीश बिष्ट, ज्येष्ठ उप-प्रमुख उमेश पलड़िया, खीमानंद शर्मा, जिला पंचायत सदस्य, खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान संभव हो पा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *