भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल में सड़क सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में खेरोला-खड़की-नौकुचियाताल मोटर मार्ग निर्माण तथा लुगड़ पुल से पातीजाला मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए कुल 3 करोड़ 49 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। यह जानकारी कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने दी।
मंत्री कैड़ा ने बताया कि भीमताल ब्लॉक के खेरोला, खड़की और आसपास के ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को दैनिक उपयोग का सामान मुख्य मार्ग तक पहुंचाने और मरीजों को अस्पताल ले जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार मरीजों को घोड़ों अथवा कंधों के सहारे सड़क तक लाना पड़ता था।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की मांग और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा कराई गई थी। इसके बाद राज्य योजना के तहत विभागीय अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए थे। अब खेरोला-खड़की मोटर मार्ग निर्माण के लिए 1 करोड़ 19 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। यह मार्ग भविष्य में नौकुचियाताल से जुड़कर भीमताल क्षेत्र के लिए एक वैकल्पिक बाईपास के रूप में भी उपयोगी साबित होगा।
मंत्री कैड़ा ने बताया कि ओखलकांडा ब्लॉक में लुगड़ पुल से चमोली, गाजा होते हुए पातीजाला तक जाने वाला मोटर मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त था, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। इस मार्ग के डामरीकरण के लिए 2 करोड़ 28 लाख रुपये की मंजूरी प्राप्त हुई है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दोनों परियोजनाओं की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जा सके।
राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त सड़कों के डामरीकरण और नई सड़कों के निर्माण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए उनकी ओर से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्री कैड़ा ने इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। वहीं क्षेत्रवासियों ने भी सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति पर खुशी जताते हुए मंत्री का धन्यवाद किया।