भीमताल : अमृतपुर – जमरानी मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर विधायक राम सिंह कैड़ा ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर डामरीकरण कार्य शुरू कराया जाए।
विधायक कैड़ा ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर इस मोटर मार्ग के डामरीकरण, सुधारीकरण और पुल निर्माण के लिए उनके द्वारा छह माह पूर्व शासन से 20 करोड़ की स्वीकृति दिलाई गई थी। लेकिन, सिंचाई विभाग की उदासीनता के कारण अभी तक टेंडर प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो पायी है।जिस कारण कार्य में देरी हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ग्रामीणों की परेशानियों को देखते हुए जल्द से जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ करें।
विधायक कैडा ने बताया कि अमृतपुर से जमरानी तक इस मोटर मार्ग के अत्यधिक खराब होने के कारण क्षेत्रवासियों को बरसात के मौसम में सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मार्ग में जगह-जगह गड्ढे होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। किसानों और स्थानीय लोगों को भी आवागमन में काफी दिक्कतें हो रही थीं।
उन्होंने बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक मोटर मार्गों पर डामरीकरण का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।