भावभीनी विदाई के साथ कक्षा 12 के विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं

लेक्स इंटरनेशनल स्कूल में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा समारोह

भीमताल। लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल में कक्षा 12 के विद्यार्थियों को हर्षोल्लास और भावनात्मक माहौल के बीच विदाई दी गई। विद्यालय सभागार में आयोजित समारोह में कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने बारहवीं के छात्र-छात्राओं को टीका-चंदन लगाकर मंच पर आमंत्रित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य एस.एस. नेगी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में मॉडर्न डांस और समूह गीत ने समां बांध दिया। कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से सभी को भावुक कर दिया। हर्षित कुमार ने सितार वादन की मनमोहक प्रस्तुति दी और अपनी स्वयं रचित ग़ज़ल ‘अलविदा साथियों’ प्रस्तुत कर वातावरण को भावनाओं से भर दिया।
इस अवसर पर कक्षा 12 के अक्षय भाकुनी, दिव्या सिंह भैसोड़ा, श्रुतिकीर्ति वर्मा, पल्लवी सिंह चौहान और श्रेया अधिकारी ने कार्यक्रम आयोजन के लिए कक्षा 11 के विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही समस्त शिक्षकों और प्रधानाचार्य के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।
वरिष्ठ शिक्षिका एवं समन्वयक कंजन जोशी ने शिक्षक वर्ग की ओर से विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य एस.एस. नेगी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर सीखते रहने और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने उभरते सितार वादक हर्षित कुमार को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा उनका ऑटोग्राफ भी लिया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में बड़े मंच पर सफलता प्राप्त करने पर वे पुनः उनसे ऑटोग्राफ लेंगे। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। संचालन आयुष जोशी, मान्या मुटनेजा, गुंजन कोहली, रश्मि कांडपाल, अवन्तिका हरबोला, कार्तिक सिंह रावत, अनुज बजेठा, अर्पिता राणा, हंसिका भंडारी एवं हर्षिता पंत ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *