राजस्व अधिकारियों पर अभद्रता व भ्रष्टाचार के आरोप, अधिवक्ताओं का एक दिवसीय धरना

सचिव की चेतावनी—दुर्व्यवहार हुआ तो दिया जाएगा करारा जवाब

भीमताल। जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर राजस्व अधिकारियों पर अभद्र व्यवहार और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। धरने के दौरान अधिवक्ताओं ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष व्यक्त किया।
बार संघ अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व में भी अधिकारियों को पत्र के माध्यम से समस्याओं से अवगत कराया गया था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। एसोसिएशन के सचिव दीपक रूवाली ने आरोप लगाया कि जिले के अधिकारी अधिवक्ताओं के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि न्यायिक अधिकारी समय पर न्यायालय में नहीं बैठ रहे हैं तथा राजस्व न्यायालयों में गैर-विधिक व्यक्तियों से कार्य कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त अन्य अनियमितताएं भी सामने आ रही हैं।
दीपक रूवाली ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी अधिवक्ता के साथ अधिकारियों द्वारा दुर्व्यवहार किया गया तो उसका उचित जवाब दिया जाएगा। धरने की सूचना पर एडीएम विवेक राय मौके पर पहुंचे और अधिवक्ताओं से वार्ता की। उन्होंने मांगों पर लिखित आश्वासन देते हुए शीघ्र कार्यप्रणाली में सुधार का भरोसा दिलाया।
अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि इसके बावजूद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो 23 फरवरी से हल्द्वानी व रामनगर बार एसोसिएशन सहित अन्य जिला बार एसोसिएशन के साथ मिलकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। धरने में उपाध्यक्ष शंकर चौहान, दीपक दत्त, ओंकार गोस्वामी, नीरज साह, ज्योति प्रकाश सिंह बोरा, प्रताप सिंह पडियार, शरद साह, अरुण बिष्ट, अनिल बिष्ट, कमल चिलवाल, सुभाष जोशी, रवि आर्या, मनीष कांडपाल, दीपक दानु, नीरज गोस्वामी, जितेंद्र बंगारी, गजेंद्र मेहरा, प्रदीप परगाई, तरुण चंद्रा, निर्मल कुमार, प्रदीप प्रसाद, एस.के. गोयल, प्रीति साह, किरन आर्या, जया आर्या, हेमंत कुमार सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *