पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा स्टॉल आवंटन, कमर्शियल स्टॉल की दर 30 हजार रुपये निर्धारित
भीमताल । एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे की अध्यक्षता में कोऑपरेटिव बैंक सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि मेले में कुल 250 स्टॉल लगाए जाएंगे। उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों के स्वयं सहायता समूह और व्यापारी इसमें प्रतिभाग करेंगे। स्टॉल का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। कमर्शियल स्टॉल के लिए 30 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। उन्होंने प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों से मेले में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने तथा शीघ्र पंजीकरण कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सरस मेला स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, लोक कला और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का बेहतर मंच है। इससे महिला समूहों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और विपणन के साथ ही आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से मेले का शुभारंभ करने का अनुरोध भी किय
इसके अलावा पंजीकरण एवं आवंटन समिति स्टॉलों का आवंटन करेगी, जबकि स्वागत समिति अतिथियों के स्वागत की व्यवस्था संभालेगी। लेखा समिति मेले के आय-व्यय का विवरण रखेगी। मीडिया प्रबंधन एवं प्रचार-प्रसार समिति को डिजिटल माध्यमों सहित विभिन्न प्रचार सामग्री तैयार कर मेले का व्यापक प्रचार करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मेले में आने वाले स्वयं सहायता समूहों, व्यापारियों, कलाकारों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना निदेशक चन्दा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज वर्मन, जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।