भीमताल : पर्यटन सीजन की शुरुआत के साथ ही वीकेंड पर यातायात व्यवस्था पटरी से उतरती नजर आई। शनिवार को सुबह से देर शाम तक नगर की मुख्य सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव रहा, जिससे जगह-जगह लंबा जाम लग गया। दिनभर जाम में फंसे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
भीमताल बाजार, तिकोनिया चौराहा, झील मार्ग, भवाली रोड और हल्द्वानी-भीमताल मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जगह-जगह पर्यटकों द्वारा सड़क किनारे और रोड पर वाहन खड़े किए जाने से भी यातायात बाधित रहा, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। पर्यटक घंटों तक जाम में फंसे रहे, जिससे उनकी यात्रा का उत्साह भी फीका पड़ता नजर आया। कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी हुई।
वीकेंड और पर्यटन सीजन के चलते वाहनों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी होने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। दिनभर रुक-रुक कर जाम की स्थिति बनी रही। सामाजिक कार्यकर्ता नितेश बिष्ट का कहना है कि पर्यटन सीजन शुरू होते ही भीमताल में हर साल जाम की समस्या बढ़ जाती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।