राज्यपाल ने लोक भवन में की बर्ड वॉचिंग, बोले- प्रकृति संरक्षण में जनभागीदारी जरूरी

भीमताल। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने शनिवार सुबह लोक भवन परिसर और गोल्फ कोर्स क्षेत्र में बर्ड वॉचिंग कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पक्षी प्रजातियों का अवलोकन किया और उनके प्राकृतिक आवास, व्यवहार एवं पर्यावरणीय महत्व की जानकारी ली।
लोक भवन क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने राज्यपाल को क्षेत्र में पाई जाने वाली पक्षी प्रजातियों, वनस्पतियों और तितलियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जैव विविधता और पारिस्थितिकीय संतुलन बनाए रखने में इन प्रजातियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
बर्ड वॉचिंग के दौरान राज्यपाल ने ब्लू व्हिस्लिंग थ्रश, कोल टिट, ग्रे-हेडेड वुडपेकर, ग्रीन-बैक्ड टिट, कालीज फीजेंट, स्मॉल निल्टावा और यूरेशियन जे सहित कई पक्षियों को देखा। वहीं बांज, रिंगाल, देवदार, पांगर और मैपल जैसे वृक्षों के साथ हिल जेजेबेल, इंडियन कैबेज व्हाइट और कॉमन वुड ब्राउन जैसी तितलियों की भी पहचान कराई गई।
राज्यपाल ने कहा कि प्रकृति और जैव विविधता संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और पारिस्थितिकीय संतुलन बनाए रखने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
राज्यपाल ने जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रकृति के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित कर सकती है।
कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार, उप प्रभागीय वनाधिकारी ममता चन्द समेत नैनीताल वन प्रभाग और लोक भवन की टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *