संयुक्त टीम ने तीन तस्करों को दबोचा, 360 पाउच कच्ची शराब बरामद
भीमताल । आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कच्ची शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। अपराध निरोधक क्षेत्र हल्द्वानी, जनपदीय एवं मंडलीय प्रवर्तन दल तथा कुमाऊं दल की टीम ने गौलागेट और शांतिपुरी लालकुआं क्षेत्र में घेराबंदी कर कुल 360 पाउच कच्ची शराब बरामद की।
आबकारी विभाग के अनुसार बुधवार तड़के करीब 2:30 बजे मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग टीमों का गठन कर निगरानी शुरू की गई। प्रातः 4:20 बजे गौलागेट क्षेत्र में बाइक संख्या यूके-06-वी-6890 पर सवार एक व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुरप्रीत सिंह पुत्र अमरजीत सिंह बताया। बाइक पर बंधे कट्टे की तलाशी लेने पर 150 पाउच कच्ची शराब, प्रत्येक 300 एमएल, बरामद हुई।
दूसरी कार्रवाई शांतिपुरी बिंदुखत्ता क्षेत्र में की गई। प्रातः 5:15 बजे संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 140 पाउच कच्ची शराब बरामद हुई। आरोपी की पहचान बब्बू मान सिंह पुत्र अमर सिंह के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि बरामद शराब को बिंदुखत्ता निवासी एक अन्य व्यक्ति बेचता है। सूचना पर टीम ने उसके घर दबिश दी, जहां लखवीर सिंह पुत्र सुरजीत सिंह के कब्जे से 72 पाउच कच्ची शराब बरामद की गई।
संयुक्त अभियान के दौरान कुल 360 पाउच कच्ची शराब जब्त की गई। तीनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 एवं 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
अभियान में सहायक आबकारी आयुक्त Harish Joshi, आबकारी निरीक्षक धीरेन्द्र सिंह बिष्ट, कैलाश चंद्र जोशी, संजय कुमार, प्रताप राम सहित विभागीय टीम मौजूद रही।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।