ब्लॉक प्रमुख की शपथ लेने साथ किए विकास कार्य करने के वादे
भीमताल (नैनीताल)। भीमताल ब्लॉक में शुक्रवार को दो बार के नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट को नैनीताल एसडीएम नवाजिश खलीक ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। साथ ही ज्येष्ठ प्रमुख उमेश पलड़िया और कनिष्ठ प्रमुख रागिनी आर्या को भी शपथ दिलाई गई। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने कहा कि जनता और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के सहयोग से वह दोबारा ब्लॉक प्रमुख बनकर आए हैं। बिष्ट ने कहा कि भीमताल की ग्राम पंचायतों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य की मूलभूत समस्याओं को हल किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र पंचायत बैठक में अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की समस्या को हल कराएंगे। बिष्ट ने कहा कि वह पक्ष और विपक्ष सभी को साथ लेकर काम करेंगे। साथ ही हर बुधवार को ब्लॉक सभागार में समीक्षा बैठक करेंगे।