भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक में आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण किया।
उन्होंने करायल से टकूरा वन चौकी तक क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग और कालाआगर से चमोली-बड़ोन मोटर मार्ग का जायजा लिया। विशेषकर गलनी के पास बार-बार धंस रहे मार्ग पर रुककर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि मार्ग धंसने और कीचड़ भर जाने से बार-बार आवागमन बाधित हो रहा है, जिससे गलनी, चमोली, टीमर और बड़ोन गांव के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक कैड़ा ने मौके पर मौजूद पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्ग को तत्काल खोलने के साथ-साथ इसके स्थायी समाधान हेतु गलनी के पास सीमेंट ब्लॉक व चैक डैम बनाकर डीपीआर शीघ्र तैयार कर शासन को भेजी जाए। उन्होंने कहा कि समय पर कार्यवाही होने से ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो सकेगा। इस दौरान पीडब्ल्यूडी अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।