भीमताल । आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। शनिवार को नगर निगम सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए, जबकि अपात्र नामों को हटाने की प्रक्रिया भी सख्ती से अपनाई जाए।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में विधानसभा क्षेत्र 56-लालकुआं के 51 तथा 60-कालाढूंगी के 151 बीएलओ को प्रेजेंटेशन के माध्यम से मतदाता सूची पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया समझाई गई।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन बनाना है। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर लोगों को जानकारी दें कि पुनरीक्षण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और पात्र नागरिक समय रहते अपने नाम जुड़वाएं।
प्रशासन के अनुसार 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता भी सूची में शामिल किए जाएंगे। इसके लिए 7 जून से 8 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर फार्म वितरित करेंगे और भरे हुए फार्म वापस एकत्र करेंगे।
14 जुलाई को प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, जिसके बाद दावे और आपत्तियों पर सुनवाई होगी। इसके बाद 15 सितम्बर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसीलदार कुलदीप पांडे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पांडे, सहायक परियोजना अधिकारी शिल्पा जोशी समेत अन्य अधिकारी और बीएलओ मौजूद रहे।