वीर नारियों और सैनिकों को किया सम्मानित, प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी मिले पुरस्कार
भीमताल, 26 जुलाई। कारगिल विजय की 27वीं वर्षगांठ के अवसर पर रविवार को सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग की ओर से शौर्य दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को याद किया गया।
सुबह हल्द्वानी स्थित शहीद स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों, वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों, उनके परिजनों, प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर कारगिल युद्ध में देश के लिए प्राणों की आहुति देने वाले वीर योद्धाओं को श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद एमबीपीजी कॉलेज सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वीर नारियों, वीर सैनिकों और उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली वीर नारियों में रामनगर के पीरुमदारा निवासी जयंती देवी, मथुरा विहार हल्द्वानी निवासी उमा देवी और छड़ायल सुयाल, मानपुर पश्चिम हल्द्वानी निवासी अनीता कुमारी शामिल रहीं। वहीं नायक कैलाश चंद, सिपाही कृष्ण बहादुर राणा और नायक सूबेदार गंगा सिंह को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर वीर सैनिकों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों में आयोजित निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
निबंध प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में निशा ने प्रथम, नीमा तिवारी ने द्वितीय और आरती कुंवर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में पवन भट्ट प्रथम, कंचन द्वितीय और वीर गुप्ता तृतीय रहे।
चित्रकला प्रतियोगिता के बालक वर्ग में पवन भट्ट ने प्रथम, साक्षय तिवारी ने द्वितीय और हिमांशु कनौजिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में परी प्रथम, साहू द्वितीय और दिव्या कुमारी तृतीय रहीं।
कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, उपजिलाधिकारी मोनिका, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी रमेश सिंह, कर्नल (सेवानिवृत्त) बीएस रौतेला, कैप्टन हीरा सिंह, कैप्टन जगदीश राठौर, कैप्टन नारायण दत्त पांडे, कैप्टन राजेंद्र सिंह, हवलदार चंद्रशेखर, संजय कुमार बोरा, सूबेदार नंदन सिंह, लेफ्टिनेंट प्रहलाद खड़कवाल, कैप्टन उमेश सिंह, देवेंद्र चौहान सहित एनसीसी कैडेट, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और पूर्व सैनिक मौजूद रहे।