विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के प्रतिभागियों से प्रधानमंत्री मोदी का वर्चुअल संवाद

भीमताल, 26 जुलाई। विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम (VVVP) के तहत देश के 245 जनपदों से चयनित 403 युवा प्रतिभागियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को द्विपक्षीय वर्चुअल संवाद किया। शाम 4:30 बजे आयोजित संवाद का उद्देश्य प्रतिभागियों के अनुभव जानने के साथ ही सीमांत क्षेत्रों के विकास, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत@2047 के संकल्प में युवाओं की भूमिका पर चर्चा करना था।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के माय भारत की ओर से आयोजित विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम का आयोजन 3 जून से 30 जून 2026 तक लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के सीमावर्ती गांवों में किया गया था। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी युवाओं ने स्थानीय परिवारों के साथ रहकर ग्राम सभाओं में सहभागिता, ग्राम सर्वेक्षण, सामुदायिक गतिविधियों और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास से जुड़े विभिन्न अनुभव प्राप्त किए।

जनपद नैनीताल से कार्यक्रम के प्रतिभागी युवराज सिंह और पीयूष हरबोला ने भी प्रधानमंत्री के साथ हुए वर्चुअल संवाद में प्रतिभाग किया। उनके साथ माय भारत पोर्टल पर पंजीकृत 20 स्वयंसेवक भी एनआईसी सेंटर, जिला कलेक्ट्रेट नैनीताल में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला प्रशासन नैनीताल, माय भारत नैनीताल और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) नैनीताल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संवाद के बाद प्रतिभागियों और स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम को प्रेरणादायी बताते हुए सीमांत क्षेत्रों के विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *