पहचान छुपाकर संपर्क करने और विवाह का झांसा देने के आरोप, पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
भीमताल। क्षेत्र में युवतियों से कथित धोखाधड़ी और दुर्व्यवहार के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए भीमताल विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि एक व्यक्ति द्वारा अपनी पहचान छुपाकर कई युवतियों से संपर्क किया गया और उन्हें प्रेमजाल में फंसाकर विवाह का झूठा आश्वासन दिया गया। उन्होंने कहा कि भीमताल जैसे शांत क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाएं बेहद चिंताजनक और निंदनीय हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति पीड़िताओं के धार्मिक विश्वासों का अपमान करता था, उन्हें धार्मिक आचरण से रोकता था और आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था। मंत्री ने स्पष्ट किया कि देवभूमि उत्तराखंड में इस तरह के कृत्य किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
मंत्री कैड़ा ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़िताओं को शीघ्र न्याय दिलाया जाए।