एचजी स्कूल भीमताल में ‘एटीएल कम्युनिटी फेस्ट 2026’ का भव्य आयोजन

बाल वैज्ञानिकों के अभिनव मॉडलों ने मोहा मन, सरस्वती पब्लिक स्कूल निसोला को ओवरऑल ट्रॉफी

भीमताल। एचजी स्कूल भीमताल में ‘एटीएल कम्युनिटी फेस्ट 2026’ का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों—लेक इंटरनेशनल स्कूल, सरस्वती पब्लिक स्कूल, एचजी स्कूल भीमताल तथा सरस्वती पांडे जीजीआईसी के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने अभिनव वैज्ञानिक मॉडल एवं परियोजनाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान बाल वैज्ञानिकों द्वारा प्रस्तुत मॉडलों में विज्ञान के नवीन प्रयोग, रचनात्मक सोच और व्यावहारिक समझ का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला, जिसने उपस्थित अतिथियों व अभिभावकों को खासा प्रभावित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या महिमा भट्ट एवं अतिथि असिस्टेंट प्रोफेसर इंद्र सिंह बिष्ट और राकेश पांडे (बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंस, भीमताल) द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में अतिथियों ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने, जिज्ञासु बने रहने और नवाचार की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
प्रधानाचार्या महिमा भट्ट ने भी प्रतिभागियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य के सफल वैज्ञानिक बनने की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बाल वैज्ञानिकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
निर्णायक मंडल में असिस्टेंट प्रोफेसर इंद्र सिंह बिष्ट, राकेश पांडे, अध्यापिका पुष्पा सुयाल एवं ममता तिवारी ने बच्चों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी गई।
प्रतियोगिता में ओवरऑल पार्टिसिपेंट्स ट्रॉफी सरस्वती पब्लिक स्कूल, निसोला को प्रदान की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *