रानीबाग के महर्षि विद्या मंदिर में सीबीएसई शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू, कक्षा में एआई के उपयोग पर मिला प्रशिक्षण

भीमताल, 31 जुलाई। महर्षि विद्या मंदिर, रानीबाग में सीबीएसई के 25 घंटे के इन-हाउस शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती सुनीता बिष्ट ने किया। उन्होंने प्रशिक्षण के उद्देश्य तथा शिक्षकों के सतत व्यावसायिक विकास में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

प्रशिक्षण की मुख्य संसाधन व्यक्ति श्रीमती नीलिमा उपाध्याय रहीं। उन्होंने “AI in the Classroom” विषय पर शिक्षकों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के प्रभावी शैक्षिक उपयोग, नवीन शिक्षण विधियों और आधुनिक तकनीकी उपकरणों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एआई का सकारात्मक और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग शिक्षण को अधिक प्रभावी, रोचक और छात्र-केंद्रित बना सकता है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री शंकर सिंह बिष्ट के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने शिक्षा में एआई आधारित नवाचारों को अपनाने तथा आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का संकल्प लिया। प्रशिक्षण सत्र को शिक्षकों ने ज्ञानवर्धक, उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *