भीमताल। जिले के शैडो क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में गुरुवार को मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। सीडीओ ने कंपनियों को 15 दिन के भीतर नेटवर्क व्यवस्था में प्रभावी सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बीएसएनएल, जियो, एयरटेल, इंडस टावर्स और वोडाफोन आइडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सीडीओ ने कहा कि जिले के कई क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने से आमजन के साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सरकारी कार्यों के निष्पादन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नेटवर्क की समस्या के कारण एमएमएस (मैसेज मॉनिटरिंग सिस्टम) समेत विभिन्न ऑनलाइन मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग प्रणालियों का संचालन प्रभावित हो रहा है। वहीं, केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभागीय पोर्टल और मोबाइल एप्लीकेशन पर काम करने में भी परेशानी हो रही है। नेटवर्क बाधित होने से मस्टर रोल की ऑनलाइन प्रविष्टि समेत कई महत्वपूर्ण विभागीय कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे नहीं हो पा रहे हैं।
हल्द्वानी-भीमताल मार्ग का होगा सर्वेक्षण
सीडीओ ने हल्द्वानी से भीमताल मार्ग के विभिन्न हिस्सों में नेटवर्क की समस्या को देखते हुए पूरे मार्ग का सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार मोबाइल टावरों की क्षमता, फ्रीक्वेंसी और नेटवर्क कवरेज में तकनीकी सुधार किया जाए। हल्द्वानी-भुजियाघाट-नैनीताल मार्ग के नेटवर्क प्रभावित हिस्सों में भी जल्द व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि नैनीताल देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है और यहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों पर मोबाइल नेटवर्क की समस्या से पर्यटकों को असुविधा होती है और जिले की पर्यटन छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
सीडीओ ने कोटाबाग, पंगोट, धारी, रामनगर के ढिकुली क्षेत्र और ओखलकांडा विकासखंड के नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों में कनेक्टिविटी शीघ्र मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कंपनियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित 15 दिन की समयसीमा में कार्रवाई पूरी कर जिले के सभी शैडो क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क सेवाएं सुचारु करने को कहा।