सुखाताल झील में चला स्वच्छता अभियान, 350 विद्यार्थियों ने किया श्रमदान

भीमताल। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को सुखाताल झील परिसर में स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान में विभिन्न विद्यालयों के करीब 350 विद्यार्थियों, नगर पालिका कर्मचारियों, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, पीएलवी, अधिकार मित्रों एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारियों ने श्रमदान किया।

अभियान के दौरान सुखाताल झील और उसके आसपास के क्षेत्र से प्लास्टिक की बोतलें, कांच की बोतलें, खाद्य पदार्थों के रैपर और अन्य कूड़ा एकत्र किया गया। स्वच्छता अभियान के बाद परिसर में पौधारोपण भी किया गया।

उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव प्रदीप मणि त्रिपाठी ने बताया कि सुखाताल झील की दयनीय स्थिति, पर्यावरणीय क्षरण एवं प्रशासनिक उपेक्षा को लेकर 30 जून 2026 को अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नैनीताल को पत्र भेजा गया था। पत्र की प्रति जिलाधिकारी नैनीताल को भी भेजी गई थी। इसमें झील के आसपास बिखरे प्लास्टिक कचरे, डिस्पोजेबल सामग्री और अन्य गैर-जैव अपघटनीय कचरे की समस्या का उल्लेख करते हुए नियमित सफाई, रखरखाव एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया था।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन से विकसित वॉकिंग ट्रैक, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं का नियमित रखरखाव आवश्यक है। प्रशासनिक लापरवाही के कारण सार्वजनिक परिसंपत्तियों को नष्ट नहीं होने दिया जा सकता। जहां भी लापरवाही या कर्तव्यहीनता पाई जाए, वहां जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

कार्यक्रम में लोगों ने स्वच्छता का संकल्प लेते हुए कहा, “न गंदगी करेंगे, न किसी को करने देंगे।” इस दौरान सुखाताल झील को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में विशेष कार्य अधिकारी हर्ष यादव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पारुल थपलियाल, झील विकास प्राधिकरण के अधिकारी, नगर पालिका के अधिशासी अभियंता रोहिताश, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अभियान में मोहन लाल साह बालिका विद्या मंदिर, भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय, केएल साह नगर पालिका ट्रस्ट बालिका इंटर कॉलेज, एशडेल, अटल उत्कृष्ट आदर्श राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तल्लीताल और शहीद मेजर राजेश अधिकारी राजकीय इंटर कॉलेज तल्लीताल के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *