बर्ड फ्लू रोकथाम को लेकर CDO की बैठक

एक सप्ताह तक पोल्ट्री उत्पादों के प्रवेश पर प्रतिबंध

भीमताल: मुख्य विकास अधिकारी अनामिका की अध्यक्षता में गुरुवार को बर्ड फ्लू संक्रमण की रोकथाम को लेकर आपात बैठक आयोजित हुई। निकटवर्ती राज्य उत्तर प्रदेश व ऊधम सिंह नगर जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद जनपद नैनीताल में संभावित संक्रमण से बचाव के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
उत्तर प्रदेश और ऊधम सिंह नगर से किसी भी प्रकार के कुक्कुट पक्षी, अंडे और कुक्कुट मांस का जनपद में प्रवेश 14 अगस्त से एक सप्ताह के लिए पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर इसकी अवधि बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों, पोल्ट्री फार्मों और जलाशयों में सघन निगरानी और सैंपलिंग कराएंगे। प्रतिदिन की रिपोर्ट जिला प्रशासन को दी जाएगी। इसके अलावा पुलिस और परिवहन विभाग जिले की सीमाओं पर चेक पोस्ट बनाकर सुनिश्चित करेंगे कि कोई प्रतिबंधित सामग्री जनपद में प्रवेश न करे।उन्होंने बताया कि पोल्ट्री फार्म संचालकों को नियमित कीटाणुशोधन, बाहरी प्रवेश पर रोक, सुरक्षा उपकरणों के प्रयोग और मृत पक्षियों का सुरक्षित निस्तारण करना अनिवार्य होगा। उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग जल स्रोतों व पक्षी विहारों की निगरानी करेगा और असामान्य पक्षी मृत्यु पर तत्काल मुख्य पशुचिकित्साधिकारी को सूचना देगा। नगर निकाय और जिला पंचायत सफाई, अपशिष्ट निस्तारण, जीवाणुनाशक छिड़काव और पोल्ट्री बाजारों की विशेष निगरानी करेंगे। सभी एसडीएम अपने क्षेत्र में निर्देशों के अनुपालन की निगरानी करेंगे। विभागों के बीच समन्वय रखा जाएगा। जनता से अपील है कि अफवाहों से बचें, केवल सरकारी स्रोतों पर विश्वास करें और इस अवधि में अधपके अंडे व चिकन का सेवन न करें। एक सप्ताह बाद स्थिति की समीक्षा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *