बाल विकास योजनाओं की प्रगति पर सीडीओ ने की समीक्षा, लक्ष्यों में लापरवाही पर सख्त चेतावनी

भीमताल। विकास भवन सभागार भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पांडे की अध्यक्षता में बाल विकास विभाग अंतर्गत संचालित समस्त लाभार्थीपरक योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन, नंदा गौरा योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, वन स्टॉप सेंटर सहित विभाग द्वारा संचालित अन्य योजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए तथा कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने जनपद की सभी परियोजनाओं में मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कुपोषण उन्मूलन, महिलाओं को स्वावलंबी बनाने एवं उन्हें संरक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से नवाचार आधारित गतिविधियां आयोजित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित एवं निर्धारित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि समस्त ऑनलाइन पोर्टलों पर प्रतिदिन सूचनाएं अद्यतन रखी जाएं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति न होने की स्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी।
बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *