स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के परिजनों को केंद्रीय संचार ब्यूरो ने किया सम्मानित

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘एकता दौड़’ और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

भीमताल । भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो, नैनीताल द्वारा सेंट लॉरेंस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, आजाद हिंद फौज के सदस्यों तथा 1962, 1965 और 1971 के युद्धों में देश की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि विधायक वंशीधर भगत (कालाढूंगी), अतिविशिष्ट अतिथि दीपा धरमवाल (अध्यक्ष, जिला पंचायत) तथा सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर धीरेश जोशी ने संयुक्त रूप से सम्मान प्रदान किए।
समारोह में कैप्टन स्व. पद्मादत्त जोशी (आजाद हिंद फौज), स्व. संतराम शर्मा (महात्मा गांधी के आह्वान पर स्वतंत्रता संग्राम में सहभागी) और कैप्टन स्व. जगन्नाथ जोशी (1962, 1965 एवं 1971 के युद्धों के वीर सैनिक) के परिजनों को विशेष सेवा सम्मान से अलंकृत किया गया। साथ ही दिव्यांग बगेट कलाकार जीवन जोशी को चीड़ की छाल से निर्मित कलाकृतियों के लिए विशेष सृजनात्मक सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ‘एकता दौड़’ से हुई, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भाषण एवं नृत्य प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो, नैनीताल द्वारा सरदार पटेल के जीवन, योगदान और भारत की एकता में उनकी भूमिका पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के पिछले 11 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया। विधायक वंशीधर भगत ने कहा कि “सरदार पटेल ने जिस अखंड भारत की नींव रखी, उसे सशक्त बनाना हम सबका दायित्व है। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय एकता दिवस को राष्ट्रीय पर्व के रूप में स्थापित कर भावी पीढ़ी को देशभक्ति का सशक्त संदेश दिया है।”
केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नीरज कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस का उद्देश्य नवपीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, एकता और सामाजिक समरसता की भावना को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को यह संदेश देते हैं कि स्वतंत्रता और एकता केवल इतिहास नहीं, बल्कि आज भी हमारी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, समाजसेवी, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *