जंगली जानवरों के खतरे व जाड़ों में अंधेरा बढ़ने से जंगलिया गांव बस सेवा के समय में बदलाव

सुरक्षा को देखते हुए रोडवेज ने बदला प्रस्थान समय

भीमताल । जंगली जानवरों की बढ़ती आवाजाही और जाड़ों के मौसम में समय से पहले अंधेरा होने के चलते ग्राम पंचायत जंगलिया के लिए संचालित रोडवेज बस सेवा के समय में बदलाव किया गया है। क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हल्द्वानी डिपो प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है। वर्तमान समय में हल्द्वानी डिपो से जंगलियागांव के लिए बस सायं चार बजे प्रस्थान करती है, लेकिन मार्ग में सवारियों के चढ़ने-उतरने के कारण बस देर रात गांव पहुंचती थी। इससे विशेषकर सर्दियों के मौसम में ग्रामीणों को जंगली जानवरों के खतरे का सामना करना पड़ रहा था।
इस समस्या को लेकर गत दिनों ग्राम प्रधान राधा कुल्याल के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर बस के समय में बदलाव की मांग की थी। मामले की गंभीरता को समझते हुए रोडवेज प्रबंधन ने बस का प्रस्थान समय बदलकर अब अपराह्न साढ़े तीन बजे कर दिया है।
ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने समय में बदलाव के लिए रोडवेज प्रबंधन का आभार व्यक्त किया और ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में बस सेवा का लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर महेंद्र सिंह पड़ियार, त्रिलोक सिंह कुल्याल, बीरेंद्र सिंह पड़ियार, प्रेम सिंह कुल्याल सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *