कालाआगर–गलनी क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण का विधायक कैड़ा ने किया निरीक्षण

अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश

भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने ओखलकांडा ब्लॉक के गलनी, चमोली, कालाआगर, खुजेठी, भीड़ापानी सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त कालाआगर–गलनी–चमोली मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विधायक कैड़ा ने बताया कि आपदा के कारण यह मोटर मार्ग पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो गया और उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आपदा मद से त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके तहत गलनी के पास क्षतिग्रस्त मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की स्वीकृति कराई गई।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने वायर क्रेट, सुरक्षात्मक दीवारों सहित अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और कहा कि निर्माण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान ही प्राथमिकता है और इसी दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *