ग्राफिक एरा में मुख्यमंत्री धामी ने किया नए एकेडमिक ब्लॉक व ऑडिटोरियम का उद्घाटन, कौशल ज्योति योजना का भी शुभारंभ

भीमताल, 4 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल जिले के भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में नवनिर्मित एकेडमिक ब्लॉक एवं अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना के तहत निशुल्क प्रोफेशनल कोर्स का भी शुभारंभ किया तथा मेधावी विद्यार्थियों एवं छात्रवृत्ति योजना के लाभार्थियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने सेवा, सुशासन और विकास के पांच वर्ष सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, रोजगार और युवाओं के सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य का भविष्य उसकी सड़कों या इमारतों से नहीं, बल्कि उसके विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और युवाओं के सपनों से तय होता है। उन्होंने ग्राफिक एरा की शिक्षा, शोध, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नया एकेडमिक ब्लॉक और आधुनिक ऑडिटोरियम विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएगा तथा शोध, नवाचार और रचनात्मक सोच को नई गति देगा। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए भी ग्राफिक एरा की पहल की सराहना की।

उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए निशुल्क होटल मैनेजमेंट एवं इंजीनियरिंग डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू किए जाने को सराहनीय कदम बताया। साथ ही कहा कि कुमाऊं मंडल में प्रस्तावित ग्राफिक एरा मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और अन्य उभरती तकनीकों से जुड़े आधुनिक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। देहरादून में साइंस सिटी, हल्द्वानी में एस्ट्रो पार्क तथा अल्मोड़ा में साइंस सेंटर जैसी परियोजनाएं वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान को मजबूती प्रदान करेंगी।

युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में वही युवा आगे बढ़ेगा, जो सीखने की क्षमता, नवाचार की सोच और स्वयं को समय के अनुरूप ढालने का साहस रखेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल डिग्री तक सीमित न रहकर नेतृत्व क्षमता, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के युवाओं को नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। इसी उद्देश्य से स्टार्टअप, इनोवेशन और उद्यमिता को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसके परिणामस्वरूप पिछले पांच वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में अवसर प्राप्त हुए हैं।

कार्यक्रम के अंत में धामी सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ग्राफिक एरा परिवार की ओर से केक काटकर इस उपलब्धि का उत्सव भी मनाया गया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, विधायक प्रताप सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, ग्राफिक एरा ग्रुप के चेयरमैन कमल घनशाला, निदेशक अनिल कुमार नायर सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, संस्थान के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *