धामी सरकार ‘5 साल का जश्न’ मना रही, जनता बदलाव का मन बना चुकी: मनोज शर्मा

भीमताल। विधानसभा भीमताल से वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रदेश में पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर सरकार उत्सव मना रही है। उन्होंने कहा कि जानकारी मिल रही है कि प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और इनकी तुलना पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के कार्यकाल से करने का प्रयास किया जा रहा है।

मनोज शर्मा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी सरकार का अधिक समय तक सत्ता में बने रहना उसकी राजनीतिक योग्यता का एकमात्र पैमाना नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार का मूल्यांकन उसकी नीतियों, विकास कार्यों, सुशासन और जनता के प्रति जवाबदेही के आधार पर होना चाहिए। उनका आरोप है कि वर्तमान में प्रदेश में अफसरशाही बेलगाम हो चुकी है और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार मांग रहा है, लेकिन सरकार युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर लाठीचार्ज करवा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक होने की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उनका कहना था कि भाजपा के दस वर्षों के शासनकाल में प्रदेश का युवा स्वयं को सबसे अधिक ठगा और उपेक्षित महसूस कर रहा है।

शर्मा ने कहा कि आज सरकार भर्ती परीक्षाएं भारी सुरक्षा व्यवस्था और सेना की निगरानी में कराने को मजबूर है। उनका कहना था कि परीक्षा देने जा रहे युवाओं के मन में ऐसी व्यवस्था स्वाभाविक रूप से भय का वातावरण पैदा करती है।

उन्होंने महंगाई के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल में आम जनता का जीवन कठिन हो गया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासन के दौरान घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत लगभग 400 रुपये तक पहुंची थी, जबकि भाजपा के शासन में इसकी कीमत एक हजार रुपये के पार पहुंच गई। उनके अनुसार, यह बढ़ती महंगाई आम लोगों की आर्थिक स्थिति पर गंभीर प्रभाव डाल रही है।

शर्मा ने कहा कि सरकार की उपलब्धियों का आकलन कार्यकाल की अवधि से नहीं, बल्कि उसकी नीतियों और जनता को मिले लाभ से किया जाना चाहिए। उनका दावा है कि समाज का हर वर्ग प्रदेश की भाजपा सरकार से परेशान है और जनता बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितने कार्यक्रम आयोजित कर ले, लेकिन प्रदेश की जनता अब कांग्रेस को सत्ता सौंपने का निर्णय ले चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *