भीमताल : सरस आजीविका मेले 2025 के अंतर्गत आज शुक्रवार को देर साँय तक आयोजित सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखंड के विभिन्न लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक विरासत की झलक के साथ-साथ स्थानीय महिला समूहों के आर्थिक सशक्तिकरण पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, विधायक लालकुआं, ने कार्यक्रम के उद्घाटन पर कहा, कि “महिला समूहों के उत्पादों को बाजार तक पहुँचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से न केवल उनके उत्पादों का सही मूल्यांकन हो रहा है, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में भी सहयोग मिल रहा है।” उन्होंने यह भी जोड़ते हुए बताया कि सरकार द्वारा महिला समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत करने हेतु विभिन्न योजनाएँ संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कालाढूंगी के नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा कतूरा समेत अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं दर्शक उपस्थित रहे। इनकी उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा में चार चांद लगा दिए।
कलाकारों की मनोरम प्रस्तुतियाँ
हल्द्वानी के आंचल कला केंद्र के कलाकारों द्वारा ‘फूलों की होली’ से दी गई प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। साथ ही, देहरादून से आए कलाकारों ने ‘नन्दराज यात्रा’ की शानदार प्रस्तुति दी, जिसके पश्चात विधायक व मुख्य विकास अधिकारी द्वारा कलाकारों का सम्मान किया गया।
इस सांस्कृतिक संध्या में ओखलकांडा ब्लॉक प्रमुख कमलेश कैड़ा, मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार पाण्डे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, परियोजना अधिकारी चन्दा फत्याल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं लोक कलाकार मौजूद रहे।