भीमताल। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने गुरुवार को नैनीताल कार्यालय में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं। भूमि विवाद, अवैध निर्माण, साइबर ठगी, पारिवारिक विवाद और लापता पुलिस कांस्टेबल सहित कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
राजभवन रोड, आयारपाटा निवासी वीर श्रीवास्तव की पार्किंग स्थल पर कूड़ा फेंकने और अनावश्यक वाहन खड़े करने की शिकायत पर आयुक्त ने निर्देश दिए कि पार्किंग में केवल दो वाहन ही खड़े किए जाएं। साथ ही प्राधिकरण के जेई को अवैध रूप से संचालित होम-स्टे के निर्माण कार्य तत्काल रुकवाने के निर्देश दिए।
बागेश्वर निवासी शांति राठौर ने दो माह से लापता अपने पुत्र, जो काठगोदाम कोतवाली में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं, की खोजबीन की मांग उठाई। इस पर आयुक्त ने एसएसपी नैनीताल को शीघ्र तलाश के निर्देश दिए और पीड़िता को भरण-पोषण संबंधी प्रार्थना पत्र उपजिलाधिकारी को देने को कहा।
धारी तहसील की नीमा परिहार ने 19 नाली भूमि के नामांतरण का मामला रखा। लेखपाल द्वारा भूमि को सरकारी श्रेणी का बताया गया, जिस पर आयुक्त ने अंतिम आदेश आने तक शिकायतकर्ता को खेती जारी रखने की सलाह दी।
हल्द्वानी निवासी अब्दुल राजिक ने क्रिप्टोकरेंसी ऐप के जरिए 1.50 करोड़ रुपये की कथित डिजिटल ठगी की शिकायत दर्ज कराई। आयुक्त ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद थाना बनभूलपुरा को मामले की गहन जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
तल्लीताल निवासी गायत्री खाती की ब्यूटी पार्लर से धनराशि वापस न मिलने की शिकायत पर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराते हुए शेष भुगतान जल्द लौटाने के निर्देश दिए गए। वहीं रत्ना महर, प्रताप सिंह ढैला सहित अन्य लोगों की निजी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर पटवारी को मौके पर जाकर जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
जनता मिलन कार्यक्रम में आयुक्त दीपक रावत ने कई मामलों में मौके पर ही समाधान कराया और अधिकारियों को जन शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।