भीमताल। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बाल विकास परियोजना भीमताल की ओर से एचडी डिग्री कॉलेज में गुरुवार को ‘शक्ति संवाद’ संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने की, जबकि जिला पंचायत सदस्य विपिन जंतवाल विशिष्ट अतिथि रहे।
कार्यशाला में किशोरियों को उनके अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, लैंगिक समानता, साइबर सुरक्षा, बाल विवाह निषेध तथा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने संवादात्मक शैली में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं से भी अवगत कराया।
प्रो. शिल्पी बिष्ट, डॉ. नीतू, वरिष्ठ पत्रकार गीतेश त्रिपाठी, राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी मोनिका नयाल, सब इंस्पेक्टर अंजला और वन स्टॉप सेंटर की अधिवक्ता संगीता टाकुली ने बालिकाओं को जागरूक रहने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
जिला सेवायोजन अधिकारी प्रियंका गड़िया और उद्योग विभाग के सहायक प्रबंधक कैलाश सम्मल ने किशोरियों को उच्च शिक्षा, स्टार्टअप, उद्यमिता और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एसओएस के निदेशक आशीष बवाना, एचडी डिग्री कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. मुक्ता, बाल विकास परियोजना अधिकारी डॉ. रेनू मर्तोलिया, सुपरवाइजर कविता, हेमा मासीवाल, हेमा त्रिपाठी, रीना यादव, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने तथा बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव एवं हिंसा के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।