भीमताल : मंडी से तीनपानी तक सड़क चौड़ीकरण के दौरान कटे पेड़ों की जड़ों को न हटाए जाने पर आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों को एक सप्ताह के भीतर सभी पेड़ों की जड़ें हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय में कार्रवाई न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में वन निगम के अधिकारियों ने बताया कि पेड़ों की छंटाई के लिए तो टेंडर किया गया था, लेकिन जड़ों को हटाने के लिए प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई। इस पर नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने कहा कि जनता की शिकायतों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सड़क चौड़ीकरण का कार्य निर्धारित समय में पूरा हो, इसके लिए जड़ों को तत्काल हटाना जरूरी है।
बैठक में नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, एडीबी प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह, लोनिवि अधिशासी अभियंता रतनेश सक्सेना व वन निगम के अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।