भीमताल: जिलाधिकारी वंदना ने शनिवार को कैंप कार्यालय में जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं की खंडवार समीक्षा की। बैठक में उन्होंने जिले में लंबित 187 योजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही कहा कि जो योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, उनकी रिपोर्ट तत्काल ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड की जाए।
डीएम ने सख्त लहजे में कहा कि सभी लंबित योजनाओं को दो माह के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी प्रतिदिन कम से कम एक योजना का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करें।
जिन योजनाओं में कार्य की गति धीमी है या ठेकेदार काम नहीं कर रहे हैं, उनके बॉण्ड निरस्त कर नई निविदा की प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि वह खुद हर सप्ताह जल जीवन मिशन की समीक्षा करेंगी।
मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि जहां प्रगति धीमी है, वहां संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि की संस्तुति के साथ पत्रावली प्रस्तुत करें।
डीएम वंदना ने कहा कि जिन क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर काम में बाधा आ रही है, वहां अधिकारी खुद जाकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से बात करें और समस्याओं का समाधान कर कार्य जल्द शुरू कराएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार पांडे, एसई जल संस्थान विशाल सक्सेना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।