पर्यटकों से सड़क पर रोककर वसूली करने का आरोप, जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
भीमताल : पर्यटन नगरी भीमताल में पार्किंग व्यवस्था को लेकर नया विवाद सामने आया है। सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने पार्किंग कर्मियों पर पार्किंग की आड़ में पर्यटकों, बाहरी वाहनों और टैक्सी चालकों से कथित तौर पर ‘रोड क्रॉसिंग शुल्क’ और प्रवेश शुल्क के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। मामले में उप-जिलाधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपकर तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में कहा गया है कि भीमताल-नौकुचियाताल मार्ग पर कुछ पार्किंग कर्मी बीच सड़क पर वाहनों को रोककर नौकुचियाताल, पांडे गांव और जंगलिया गांव की ओर जाने वाले पर्यटकों से शुल्क वसूल रहे हैं। आरोप है कि वाहन पार्किंग स्थल में खड़ा किए बिना ही सड़क पर पर्ची काटी जा रही है, जबकि नियमानुसार पार्किंग शुल्क केवल पार्किंग सुविधा लेने पर ही लिया जा सकता है।
पूरन बृजवासी का कहना है कि सड़क पर इस तरह की वसूली से पर्यटकों का आर्थिक शोषण हो रहा है और पर्यटन मार्ग पर जाम की स्थिति भी बन रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क किनारे और पैदल फुटपाथों पर वाहन खड़े कराकर अतिक्रमण किया जा रहा है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है और भीमताल की पर्यटन छवि को नुकसान पहुंच रहा है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में नगर पालिका प्रशासन और कोतवाली भीमताल को भी अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से संबंधित कर्मियों के हौसले बढ़े हुए हैं।
ये रखी प्रमुख मांगें
- सड़क पर पर्ची काटकर वसूली करने वालों पर अर्थदंड और जुर्माना लगाया जाए।
- ‘रोड क्रॉसिंग शुल्क’ और प्रवेश शुल्क को अवैध घोषित किया जाए।
- पार्किंग स्थल पर स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि सड़क पर वसूली पर रोक लग सके।
- वसूली में पारदर्शिता के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
- केवल पार्किंग स्थल के भीतर खड़े वाहनों से ही पार्किंग शुल्क लिया जाना सुनिश्चित किया जाए।