रूसी बाईपास बनेगा आधुनिक पार्किंग हब, झील के चारों ओर लागू होगी नो-पार्किंग व्यवस्था
भीमताल। नैनीताल की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और पर्यटक-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में कई अहम फैसले लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 अगस्त 2026 से नैनीताल की मॉल रोड पर वाहनों के हॉर्न बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंडलायुक्त ने कहा कि नैनीताल की मॉल रोड अपनी शांत और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। अनावश्यक हॉर्न से होने वाला ध्वनि प्रदूषण पर्यटकों के अनुभव को प्रभावित करता है, इसलिए इस निर्णय का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
बैठक में तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक पूरे क्षेत्र को प्रभावी रूप से नो-पार्किंग जोन घोषित करने का निर्णय लिया गया। पुलिस विभाग को सख्ती से इसका अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग और पुलिस को बिना वैध फिटनेस वाले सरकारी एवं निजी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। ऐसे वाहनों को तत्काल सीज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में निजी वाहनों से अवैध रूप से टैक्सी संचालन पर भी सख्त रुख अपनाया गया। परिवहन एवं पुलिस विभाग संयुक्त अभियान चलाकर ऐसे वाहनों के खिलाफ चालान और अन्य वैधानिक कार्रवाई करेंगे।
पर्यटकों की सुविधा के लिए रूसी बाईपास को आधुनिक पार्किंग हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल निर्माण एजेंसी का चयन कर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कराएंगे। प्रस्तावित पार्किंग में शौचालय, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, दुकानें और सीसीटीवी जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मंडलायुक्त दीपक रावत ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि उच्च न्यायालय के निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करते हुए नैनीताल की यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और पर्यटकों के अनुकूल बनाया जाए।
बैठक में निवेदिता कुकरेती, डॉ. मंजूनाथ टीसी, डॉ. जगदीश चंद्रा, मनीष कुमार, गुरदेव सिंह, अरविंद पांडेय, रोहिताश शर्मा तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।